हरिहरगंज (पलामू)
जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता और धांधली तथा आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को हरिहरगंज में जोरदार प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष बल्लू बलराम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुरानी बस स्टैंड के समीप मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि अपने हक और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे निहत्थे छात्रों पर पुलिस बल का प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय उनके आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। भाजपा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी और उनके न्यायपूर्ण संघर्ष में हर कदम पर साथ खड़ी रहेगी। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।और प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क से हटाया और मुख्य मार्ग पर आवागमन बहाल कराया। वहीं प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाना ले जाया गया। हालांकि, बाद में सभी को छोड़ दिया गया। प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष बल्लू बलराम ,मुन्ना विश्वकर्मा,भीमसेन शर्मा, अरुण कुमार मिश्रा, अर्जुन गुप्ता,,सुनील गुप्ता, ओम सिंह, करण राजवीर, अशोक सिंह, गुप्ता साव, माखन, धर्मेंद्र गुप्ता, विजय मिश्रा, अमित कुमार, कन्हाई, धनंजय सिंह, अरविंद पाण्डेय, संतोष शौंडिक, राजेश शौंडिक ,मनोज सोनी, समिन्द्र यादव, सुशील, अभिषेक सिंह,पवन कुमार समेत कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।

