हरिहरगंज- गड्ढों में तब्दील पिपरा जपला-पथरा रोड पर ग्रामीणों ने की धान रोपाई

हरिहरगंज (पलामू )

पिपरा प्रखंड क्षेत्र के दुबटिया मोड़ से पिपरा जपला-पथरा रोड की स्थिति इन दिनों बेहद जर्जर हो गई है। करीब चार वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी बदतर हो गई है। इससे राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया, चारपहिया एवं अन्य वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के कुछ ही वर्षों बाद सड़क का इस तरह जर्जर हो जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होने के बावजूद इसकी मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

सड़क पर धान रोपाई कर जताया विरोध
सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढों में जमा पानी में ग्रामीणों ने धान की रोपाई की। ग्रामीणों ने कहा कि जब सड़क की हालत खेत जैसी हो गई है और जगह-जगह पानी जमा है । तो उन्होंने इसी तरह धान रोपकर जिम्मेदार लोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे स्कूल आने जाने वाले विद्यार्थियों व दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी होती है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले वाहनों को भी इस सड़क से गुजरने में काफी दिक्कत होती है।

ग्रामीणों ने लगाया जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों पर क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि चुनाव के समय विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और जनप्रतिनिधि ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हैं। लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद क्षेत्र की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इसके बावजूद समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने की सड़क जल्द मरम्मती की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से रोड की तत्काल जांच कराने तथा सड़क की गुणवत्ता की समीक्षा करने की मांग की है। साथ ही सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो बरसात के इस मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद महज कुछ वर्षों में सड़क का जर्जर हो जाना गंभीर विषय है। उन्होंने सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की भी मांग की है, ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके और भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। आक्रोश जताने वालों में अनुज मेहता, दीपक मेहता, गुड्डू मेहता, मुकेश कुमार, महाराज मेहता, निरंजन मेहता, राजा बाबू, शैलेश मेहता, उर्मिला देवी, ललिता देवी, रैजंती देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।

Leave a Reply