बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह एसडीपीओ विरेन्द्र राम एवं अंचलाधिकारी लवकेश सिंह ने पोखरीकला अखरा पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और सड़क सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा सड़क पर आवागमन के दौरान होने वाली परेशानियों के संबंध में जानकारी ली।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि बेतला और कुटमू के बीच मुख्य सड़क पर कई बार पालतू जानवर लावारिस हालत में खड़े रहते हैं। सड़क पर मवेशियों के जमावड़े के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अचानक सड़क पर जानवर आ जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। रात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ विरेन्द्र राम और सीओ लवकेश सिंह ने पशु मालिकों को सख्त निर्देश दिया कि वे अपने पालतू जानवरों को सड़क पर खुला या लावारिस हालत में नहीं छोड़ें। अधिकारियों ने कहा कि पशुओं की देखभाल और उन्हें नियंत्रण में रखना उनके मालिकों की जिम्मेदारी है।
एसडीपीओ और सीओ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई पशु मालिक अपने जानवरों को अपने कब्जे में नहीं रखता है और उसके पालतू जानवर सड़क पर लावारिस हालत में पाए जाते हैं, तो संबंधित पशु मालिक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर लावारिस जानवर मिलने की स्थिति में उनके मालिक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और अपने पालतू पशुओं को सड़क पर नहीं छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। सभी की सतर्कता और जिम्मेदारी से दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सकता है।

