रांची में छात्रों के अनिश्चितकालीन धरने को राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी का समर्थन, सैकड़ों छात्रों के लिए किया निशुल्क जलपान व्यवस्था।

रांची (झारखंड)

झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक, धांधली एवं भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर रांची में चल रहे छात्रों के अनिश्चितकालीन धरने को राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी की झारखंड प्रदेश कार्यसमिति ने अपना समर्थन दिया है। शनिवार को संगठन की ओर से धरना स्थल जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलनरत सैकड़ों छात्रों के लिए निशुल्क जलपान की व्यवस्था की गई।

सेवा कार्य का नेतृत्व राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने किया। उनके साथ उनके पुत्र, युवा वाहिनी के संयोजक संजय शुक्ला सहित रांची एवं पलामू के युवा वाहक मौजूद रहे। संगठन के कार्यकर्ताओं ने छात्रों के बीच जलपान वितरित करने के साथ उनके आंदोलन के प्रति समर्थन और एकजुटता व्यक्त की।

‘छात्रों की मांग पूरी तरह जायज’

मौके पर प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा में धांधली और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी जैसी शिकायतों का सीधा असर उन युवाओं पर पड़ता है, जो वर्षों तक मेहनत और आर्थिक संसाधन लगाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे सीमित संसाधनों के बावजूद अपने भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। ऐसे में यदि परीक्षा व्यवस्था पर ही सवाल खड़े होने लगें तो विद्यार्थियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो जाता है।

देवेंद्र तिवारी ने कहा, “छात्रों की मांग जायज है। प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, धांधली, पेपर लीक और भर्ती परीक्षा में गोलमाल की शिकायतों को गंभीरता से लेकर सरकार को निष्पक्ष जांच और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।”

संघर्ष में साथ खड़ा रहेगा युवा वाहिनी परिवार

युवा वाहक संजय शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी केवल सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि समाज और युवाओं से जुड़े जनहित के मुद्दों पर भी अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।

उन्होंने कहा, “जहां समाज और परिवार संकट में घिरता दिखाई देगा, वहां राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए खड़ी मिलेगी। समाज के युवाओं के संघर्ष में ब्राह्मण सदैव साथ खड़ा मिलेगा।”

उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और सरकार को आंदोलनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो जिलों तक पहुंचेगा शांतिपूर्ण आंदोलन

प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने सरकार से छात्रों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार छात्रों की जायज मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लेती है तो राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी व्यापक स्तर पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद करेगी।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर हजारों युवाओं को साथ लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन को राज्य के विभिन्न जिलों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। संगठन का उद्देश्य छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना और सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाना है।

धरना स्थल पर संगठन के सदस्यों ने छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और आंदोलन में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। निशुल्क जलपान सेवा को छात्रों ने भी सराहा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सेवा कार्य केवल जलपान तक सीमित नहीं है, बल्कि संघर्षरत विद्यार्थियों के प्रति सामाजिक संवेदना और एकजुटता का संदेश है।

Leave a Reply