मेदिनीनगर (पलामू)
नवनिर्माण शक्ति संघ पलामू के तत्वावधान में पुलिस लाइन रोड स्थित आदर्श शिशु विद्या निकेतन में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ की अध्यक्ष स्नेहा ओझा ने की।
अभियान को संबोधित करते हुए स्नेहा ओझा ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज के लिए अभिशाप है। नशे की गिरफ्त में आने से युवा अपना स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य प्रभावित कर लेते हैं। इसके खिलाफ जागरूकता ही सबसे प्रभावी हथियार है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। शिक्षक मयूरेश द्विवेदी, संदीप पाठक और शिक्षिका शोभा सिंह ने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से अच्छे संस्कार अपनाने और नशामुक्ति के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इस दौरान छात्रा ज्योति कुमारी और रितु कुमारी ने प्रभावशाली भाषण के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो समाज और राष्ट्र का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल होगा। कार्यक्रम के अंत में सोनी पाठक ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया। संघ की ओर से विद्यालय के प्रधानाध्यापक को सम्मान स्वरूप मोमेंटो भेंट किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मौके पर विद्यालय के डायरेक्टर शशिरंजन कुमार, प्रधानाध्यापक सौरभ कुमार, चन्द्रप्रकाश ओझा, स्नेहा ओझा, सोनी पाठक, मयूरेश द्विवेदी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

