हरिहरगंज (पलामू ):
पुलिस ने थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती कूलहिया पंचायत के जोगिया पहाड़ के तलहटी में चल रहे अवैध शराब की तीन भट्ठी को सोमवार को ध्वस्त कर दिया। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि बिहार की सीमा से सटे कूलहिया के जोगिया पहाड़ स्थित तलहटी में अवैध रूप से शराब निर्माण का कार्य किया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीन अवैध शराब की भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। वहीं पुलिस ने करीब तीन क्विंटल जावा महुआ के साथ ही शराब बनाने के उपकरण व पचास लीटर निर्मित शराब को मौके पर ही विनष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान जंगल और पहाड़ी इलाके का लाभ लेकर शराब बनाने वाले भागने में सफल रहे। बावजूद पुलिस धंधेबाजों की पहचान करने में जुटी है। छापेमारी अभियान में एसआई सोनू गुप्ता, नंदलाल साहिनी एएसआई संजय कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

