झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 : शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार

मेदिनीनगर (पलामू)

परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू, परीक्षा पूर्व संध्या पर डीसी-एसपी ने केंद्रों का किया संयुक्त निरीक्षण

झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन रविवार को मेदिनीनगर शहर के 18 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में किया जाएगा। परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

परीक्षा को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है। आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी व्यक्ति के घातक हथियार, लाठी, भाला, गड़ासा, छुरा आदि लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही पांच अथवा पांच से अधिक व्यक्तियों के एक साथ एकत्र होने पर भी रोक रहेगी। बिना सक्षम अनुमति के लाउडस्पीकर अथवा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में संचालित सभी फोटोस्टेट दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

इधर, परीक्षा की पूर्व संध्या पर शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने संयुक्त रूप से ब्राइटलैंड स्कूल एवं वीपीएम ज्ञान निकेतन स्कूल स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, जैमर की उपलब्धता, कंट्रोल रूम की व्यवस्था, वीडियोग्राफी की तैयारी, प्रश्नपत्र एवं परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक परीक्षा कक्ष में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पंखों की सुचारु कार्यशीलता तथा अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply