मेदिनीनगर (पलामू)
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत मतदाता सूची के अद्यतन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि Absent, Shifted ,Dead, Duplicate , Foreigners (ASDDF) मतदाताओं की सूची का पूरी सावधानी एवं तथ्यात्मक सत्यापन के साथ 20 जुलाई तक अंतिम रूप देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ASDDF सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से शामिल अथवा छूटना नहीं चाहिए। यह कार्य पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाए।
उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में SIR-2026 के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने विधानसभावार इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति की जानकारी ली तथा अपेक्षित गति से कार्य संपादित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि BLA-2 के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर ASDDF सूची का मिलान एवं सत्यापन कराया जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिन इन्यूमरेशन फॉर्म का संग्रहण हो चुका है, उनका डिजिटाइजेशन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर उसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण हो सकें।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में कार्यरत सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान की आधारशिला हैं। उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के लिए निर्धारित विशेष मानदेय का भुगतान आगामी तीन दिनों के अंदर उनके बैंक खातों में कर दिया जाएगा। उन्होंने सभी बीएलओ से पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

