हरिहरगंज (पलामू )
बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी ने मंगलवार को सुदूरवर्ती सलैया पंचायत अंतर्गत मझिगावां स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उक्त केन्द्र में पन्द्रहवें वित्त मद से हो रहे आंगनबाड़ी के सुदृढ़ीकरण , रंग- रोगन, चारदीवारी निर्माण, जलापूर्ति, साफ-सफाई सहित सुविधाओं की उपलब्धता आदि कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही बच्चों से संवाद कर उनकी पठन-पाठन सामग्री व मेनू के अनुसार मिलनेवाली पोषाहार की जानकारी ली और उन्हें उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर खर्च की गई राशि से समाज को सर्वाधिक लाभ सदैव मिलता रहता है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जनहित में महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर चयन करने की बात कही। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि सनोज गुप्ता आंगनबाड़ी सेविका रीता देवी सहायिका रीना देवी पंचायत सहायक अमरेश कुमार यादव आदि उपस्थित थे।

