हरिहरगंज (पलामू)
पिपरा प्रखंड अंतर्गत संचालित विद्यालयों में कक्षा आठ के सामान्य वर्ग के छात्रों को सत्र 2025-26 के लिए आवंटित साइकिल का अभी तक वितरण नहीं किया गया है। इसके कारण सुदूरवर्ती इलाकों से आने छात्रों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। स्तरोन्नत उच्च विद्यालय बभंडी, बरवाडीह, पिठौरा सहित कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने बताया कि सत्र समाप्त हो जाने के बाद भी अभी तक साइकिल वितरण किए जाने की कोई सूचना नहीं है। इस संबंध में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार ने साइकिल वितरण नहीं होने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए 79 साइकल की आवश्यकता थी। परंतु 39 साइकिल ही उपलब्ध है। आपूर्तिकर्ता से इस संबंध में बात हुई है। आपूर्तिकर्ता द्वारा सत्र 2026-27 के एससी, एसटी, ओबीसी छात्रों का साइकिल वितरण करने के बाद पिछले सत्र का शेष साइकिल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। बीपीएम ने बताया कि साइकिल उपलब्ध होते ही छात्रों के बीच वितरित कर दी जाएगी।

