हरिहरगंज (पलामू)
नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत शहर के कॉलेज मोड़ से तूरी की ओर जाने वाली आरईओ सड़क पर हो रहे अतिक्रमण से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर दर्जनों ग्रामीणों ने सीओ मनीष कुमार सिन्हा को हस्ताक्षर युक्त आवेदन देकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस नेता कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि उक्त सड़क से लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाते हैं । परंतु सड़क पर अतिक्रमण होने से एंबुलेंस व अन्य वाहनों का आवागमन मुश्किल हो जाएगा। वहीं इस सड़क का उपयोग अररुआ कला,तूरी, चरकेड़िया ,बरवादोहरी , बिशुनपुर सहित दर्जनों गांव के लोग शहर तक आने जाने के लिए करते हैं। जिसके कारण इस पर हमेशा वाहनों का परिचालन होता रहता है। उन्होंने कहा कि अगर अंचल प्रशासन द्वारा उक्त सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाई गई। तो उपायुक्त पलामू से भी गुहार लगाई जाएगी। सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग करने वालों में अजय पासवान, रामजी पासवान, महेंद्र कुमार,महादेव यादव, अजय यादव, धनंजय सिंह, रंजीत यादव, बुधन सिंह यादव सहित कई लोगों का नाम शामिल है।

