मेदिनीनगर (पलामू)
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की।इस दौरान उपायुक्त ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति की स्थिति, जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, जल गुणवत्ता, पाइपलाइन विस्तार, खराब पड़े जल स्रोतों की मरम्मत तथा स्वच्छता संबंधी कार्यों की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।इस दौरान उन्होंने विभिन्न पेयजल आधारित योजनाओं के सिविल वर्क की भी समीक्षा की।उन्होंने एमवीएस के संवेदकों को इंटक वेल से लेकर ईएसआर तक के कार्यों में तेज़ी लाने की बात कही।कार्य में अपेक्षाकृत प्रगति नहीं रहने को लेकर एनएस इंफ्रा से स्पष्टीकरण भी किया गया।उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि जलापूर्ति एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वच्छता संबंधी गतिविधियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी बल दिया।बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

