मेदिनीनगर (पलामू)
पलामू जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने की. बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी , अंचल निरीक्षक और सभी थानों के प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पिछले कई वर्षों से लंबित चल रहे मामलों पर चिंता व्यक्त की और प्रत्येक मामले की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया. इस दौरान जिन थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुराने मामलों को सुलझाने तथा कानून-व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने में बेहतरीन प्रदर्शन किया, उनके काम की सराहना की गई और उन्हें पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया.

