बरवाडीह (लातेहार)
पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में वन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक स्तर पर संयुक्त विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पीटीआर के निदेशक एस.आर. नटेश के निर्देश पर उत्तरी एवं दक्षिणी प्रमंडल की संयुक्त टीम लगातार जंगल क्षेत्रों में गश्त, निगरानी और छापेमारी अभियान संचालित कर रही है। अभियान का नेतृत्व दक्षिणी प्रमंडल के उप निदेशक आशीष कुमार तथा उत्तरी प्रमंडल के उप निदेशक प्रजेश कांत जेना कर रहे हैं। इसी क्रम में चलाए गए सघन अभियान के दौरान वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। बेतला रेज के लुकुमखाड़ क्षेत्र से लगभग 25 बोरा, गारू पश्चमी क्षेत्र के मांडू क्षेत्र से लगभग 20 बोरा तथा छिपादोहर पश्चिमी क्षेत्र के पुटवागढ़ से 22 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता जब्त किया गया। इससे पूर्व भी छिपादोहर पूर्वी एवं पश्चिमी क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 32 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता बरामद किया गया था। इस प्रकार अब तक कुल 99 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता जब्त किया जा चुका है।
वन विभाग के अनुसार यह अभियान केवल अवैध बीड़ी पत्ता के संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वन्यजीवों के संरक्षण और जंगलों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध शिकार, वन क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ तथा अन्य वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है। अभियान में उत्तरी एवं दक्षिणी प्रमंडल के विभिन्न वन क्षेत्रों की संयुक्त टीम शामिल है। लगभग 430 वनकर्मी, सहायक कर्मी एवं अधिकारी दिन-रात जंगलों में सक्रिय रहकर निगरानी और छापेमारी की कार्रवाई कर रहे हैं। वन विभाग का मानना है कि इस तरह के सतत अभियान से वन अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिलेगी।
कार्रवाई के दौरान वन क्षेत्र पदाधिकारी उमेश दुबे, वन क्षेत्र पदाधिकारी अजय टोप्पो समेत कई अधिकारियों एवं वनकर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। अधिकारियों ने बताया कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पलामू टाइगर रिजर्व प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संयुक्त विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा वन अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

