मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, गांव मे शोक

हरिहरगंज (पलामू )

हरिहरगंज थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी नागेश यादव के 18 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार यादव उर्फ बिट्टू की मंगलवार को वाराणसी (बनारस) के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई । युवक गत 31 मई को वनस्पति पुल के समीप हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था । इस मामले में हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 99/26 दर्ज है ।जानकारी के अनुसार, रविवार को वनस्पति पुल के पास दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी । घटना में रूपेश कुमार यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गया था । प्राथमिक उपचार के बाद उसे हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था ।परिजन उसका इलाज वाराणसी के एक अस्पताल में करा रहे थे, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा रामाधार यादव के बयान पर कटैया गांव निवासी केशलाल पटेल समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गई थी । प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि कहासुनी के बाद लाठी-डंडे से मारपीट की गई । जिससे रूपेश गंभीर रूप से घायल हो गया । घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी केशलाल पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया । इस संबंध में एसआइ संतोष कुमार ने बताया कि 31 मई की मारपीट की घटना में घायल रूपेश कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हुई है । मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है । अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है । शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया । परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था । सूचना मिलने पर राजद प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र यादव, मुखिया संदीप यादव, वार्ड पार्षद त्रिपुरारी राम, अशोक यादव, सत्येंद्र यादव, लखन यादव, अर्जुन यादव, उमा यादव, ओमप्रकाश यादव, अखिलेश यादव, रमेश यादव समेत कई लोग मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी ।

Leave a Reply