दहेज उत्पीड़न व हत्या मामले में पति गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

हरिहरगंज ( पलामू )

पिपरा थाना क्षेत्र के मसूरिया गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका के भाई द्वारा दर्ज कराए गए दहेज उत्पीड़न एवं हत्या के मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जाता है कि मसूरिया गांव निवासी परमेश्वरी यादव के पुत्र अरविंद कुमार यादव पर उसकी पत्नी रूपा कुमारी की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में बिहार के औरंगाबाद जिले के रजवारी गांव निवासी मृतका के भाई पंकज कुमार ने पिपरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अपने फर्द बयान में पंकज कुमार ने बताया है कि वर्ष 2022 में उसकी बहन रूपा कुमारी की शादी अरविंद कुमार यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि 23 मई 2026 को रूपा कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के भाई का बयान दर्ज किया गया। इसके आधार पर 27 मई को पिपरा थाना कांड संख्या 31/26 दर्ज किया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply