हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के ढाब गांव स्थित ओवरब्रिज के समीप एनएच-98 पर गुरुवार की रात सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया । घायल युवक की पहचान सीमावर्ती बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत टंडवा थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव निवासी विजेंद्र भुइयां (पिता- बंटू भुइयां) के रूप में हुई है । घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से एनएचएआई एंबुलेंस के माध्यम से घायल को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया । जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया । सूचना मिलने पर एएसआइ सुनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच -पड़ताल की । बताया जाता है कि घायल युवक ढाब में अपने एक रिश्तेदार के घर आया हुआ था ।

