बरवाडीह (सतबरवा)
सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटमू–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर भुसड़िया टर्निंग के पास सोमवार सुबह क़रीब 9:00 बजे स्कॉर्पियो और डार्क पार्सल 407 ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि स्कॉर्पियो सड़क से नीचे खाई में पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो कुटमू से मेदिनीनगर की ओर जा रही थी, वहीं 407 ट्रक मेदिनीनगर से कुटमू की ओर आ रही थी। इसी दौरान भुसड़िया टर्निंग के पास दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। ट्रक चालक ने पूछताछ में बताया कि मोड़ पर “हेडिंग नहीं कट पाया”, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला पहिया टूट गया और दोनों चक्के क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा पलटी। हालांकि इस भीषण दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्कॉर्पियो चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। लोग दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को देखने के लिए बड़ी संख्या में जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य में सहयोग किया। सतबरवा थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

