वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गामा चौबे नहीं रहे, क्षेत्र में शोक की लहर

विश्रामपुर (पलामू) :

विश्रामपुर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वीरेंद्र चौबे उर्फ गामा चौबे (72) का मंगलवार देर शाम निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और समर्थकों व शुभचिंतकों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया।

बताया जाता है कि वे पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मेदिनीनगर ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान ही शाम में उन्होंने अंतिम सांस ली।

स्वर्गीय गामा चौबे पिछले करीब 40 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए थे। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वे जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष पद पर भी रहे और संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे अपने सौम्य स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे।

बुधवार को उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के गंगा तट पर किया गया, जहां उनके पुत्र एवं शिक्षक राजीव चौबे (राजू) ने मुखाग्नि दी।

उनके निधन पर क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक व्यक्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। शोक संवेदना प्रकट करने वालों में वरीय कांग्रेसी नेता संतोष कुमार चौबे, प्रभात दुबे, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र शुक्ला (गुड्डू), बसपा के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह उर्फ बबलू सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास चौबे, राजन पांडेय सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं।

गामा चौबे के निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी, समर्पित और जनप्रिय नेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं दिखती।

Leave a Reply