उपायुक्त कार्यालय में आयोजित हुआ जनता दरबार, 30 से अधिक आवेदनों पर हुई सुनवाई

मेदिनीनगर (पलामू)

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रखीं। इस दौरान 30 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों पर सुनवाई की गई।जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवेदनों की प्रतिलिपि अग्रसारित करते हुए सभी मामलों में 15 दिनों के भीतर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जनता दरबार में पीपरा प्रखंड के ग्राम सोनवे से आयी आशा देवी ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री मईयाँ सम्मान योजना के तहत अगस्त माह तक राशि प्राप्त हो रही थी, लेकिन उसके बाद से भुगतान बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार बीडीओ और सीओ कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। इस पर उपायुक्त ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।वहीं चैनपुर प्रखंड से आये उमर ख्याम ने खाता संख्या 65 के विभिन्न प्लॉट में गलत तरीके से डबल डिमांड खोल दिए जाने की शिकायत करते हुए इसकी जांच कराने का अनुरोध किया। इसी प्रकार पाटन प्रखंड के सदरू अंसारी ने मनरेगा योजना में अवैध तरीके से राशि निकासी किए जाने से संबंधित आवेदन दिया।इसके अलावा जनता दरबार में भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध करने, अयोग्य लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिए जाने, दाखिल-खारिज, राजस्व, स्वास्थ्य, आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा एवं कल्याण विभाग से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर उपायुक्त द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply