बारियातू (लातेहार)
बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में स्थापित महावीर मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा सर्वप्रथम पांच बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान पंडित जनार्दन पांडेय, महावीर मंदिर के पुजारी कांशी नाथ वैध एवं श्रीराम मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम शर्मा ने संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद भजन-कीर्तन एवं आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में पवन कुमार, सत्येंद्र प्रसाद, अरविंद प्रसाद, राजन प्रसाद, धौनी कुमार, नमन कुमार, ब्रजकिशोर प्रसाद, कनक सोनी, मदन प्रसाद सहित कई सनातन धर्म प्रेमियों का सराहनीय योगदान रहा।

