बारियातू (लातेहार)
बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक शाखा परिसर में बुधवार को बैंक का 8वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा प्रबंधक सुभम कुमार, हिमांशु भगत, मनोज कुमार, सत्येन्द्र प्रसाद, अरविंद प्रसाद, माधव प्रसाद ने संयुक्त रूप से केक काटकर किया। इस अवसर पर पूरे बैंक परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक सुभम कुमार ने कहा कि बैंक ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि समाज के हर वर्ग को आत्मनिर्भर बनाया जा सके। उन्होंने ग्राहकों एवं जनप्रतिनिधियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस मौके पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के मुखिया, बैंक सखी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में खाताधारी ग्राहक उपस्थित रहे। सभी ने बैंक की प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान बैंक से जुड़े कई ग्राहकों को सम्मानित किया गया, वहीं उत्कृष्ट सेवा के लिए बैंक कर्मियों की सराहना भी की गई। उपस्थित लोगों ने बैंक की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि बैंक ने गांव-गांव तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाकर लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
अंत में सभी ने मिलकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा की और बैंक की निरंतर उन्नति की कामना किया।

