सरईडीह शिव मंदिर के पास बड़ा क्षतिग्रस्त पुल का जल्द होगा निर्माण, रामनवमी पर विधायक ने दी सौगात

सरईडीह (लातेहार)

बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र के चर्चित गांव सरईडीह पोखरी के बीच स्थित मुख्य मार्ग पर शिव मंदिर के पास बने क्षतिग्रस्त पुल का जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह ने रामनवमी के पावन अवसर पर यह महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए ग्रामीणों को बड़ी राहत दी। लंबे समय से जर्जर पुल के कारण आवागमन में हो रही परेशानियों को देखते हुए यह कदम क्षेत्रवासियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है।
मौके पर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नसीम अंसारी, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू, जयप्रकाश रजक, उमेश प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पुल निर्माण की घोषणा का स्वागत करते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान संबंधित विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और पुल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल क्षेत्र की जीवनरेखा है, जिससे रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना होता है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से विशेषकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। अब विधायक की पहल से लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही नई और मजबूत पुल का निर्माण होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

Leave a Reply