मेदिनीनगर (पलामू)
समाहरणालय के दूसरे तल्ले स्थित सभागार में सोमवार को केंद्र प्रायोजित पेंशन योजना के सामाजिक अंकेक्षण को प्रभावी और पारदर्शी रूप से संचालित करने के उद्देश्य से उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला का उद्घटान जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस ने किया।कार्यशाला में योजना के क्रियान्वयन,सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र प्रायोजित योजनाओं, इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना,इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना,इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन योजना एवं राष्ट्रीय परिवार हित लाभ कार्यक्रम योजना अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण हेतु जानकारी दी गयी साथ ही उपस्थित सभी पदाधिकारियों को सामाजिक अंकेक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी एवं इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संस्तुत किया गया।उन्मुखीकरण कार्यशाला में बताया गया कि जिला अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण का कार्यक्रम सभी प्रखंडों में पंचायतवार एवं ग्रामवार पर तय किया जायेगा जिसमें केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के लाभुकों के भौतिक सत्यापन एवं लाभुकों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।सामाजिक अंकेक्षण के ग्राम सभा/लाभुक सभा/वार्ड सभा के उपरांत प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई की जाएगी।
इसके साथ ही प्रत्येक स्तर की जनसुनवाई के उपरांत कृत कार्रवाई प्रतिवेदन की समीक्षा की जाएगी।इसके पश्चात प्रखंड स्तरीय सुनवाई में मुद्दों को जिला स्तरीय या राज्य स्तर पर जनसुनवाई हेतु अग्रसारित किया जाएगा।इस दौरान सामाजिक अंकेक्षण की जिला स्तरीय टीम द्वारा प्रखंड में अंकेक्षण कैलेंडर का व्यापक प्रचार प्रसार करने एवं एनएसए स्लिप का वितरण करने की भी बात कही गयी।इस अंकेक्षण कार्यक्रम में सभी लाभुकों के भौतिक सत्यापन के साथ-साथ अयोग्य,मृत एवं पलायन कर गये लाभुकों की भी पहचान हो पाएगी।प्रशिक्षण के दौरान प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर प्रारंभिक बैठक आयोजित करने जिसमें जनप्रतिनिधियों,पंचायतकर्मियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी सेविका,सहिया,बैंक कर्मी एवं अन्य संबंधित लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये साथ ही सामाजिक अंकेक्षण कैलेंडर जारी होने के बाद सार्वजनिक स्थलों पर दीवार लेखन एवं पोस्टर के माध्यम से जानकारी प्रसारित करने की बात कही गयी।सामाजिक अंकेक्षण के दिन लाभुकों को आधार कार्ड,वोटर आईडी,दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज लाने के लिए पूर्व सूचना दी जाएगी।मौके पर सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक पीयूष,विभिन्न बीडीओ-सीओ,जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक,डीआरपी एवं बीआरपी के सदस्यगण उपस्थित रहे।

