हरिहरगंज (पलामू)
समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश कुमार यादव ने दुबटिया -पथरा जपला जर्जर सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक की मांग की है। इसे लेकर उन्होंने पलामू उपायुक्त के नाम पिपरा अंचल के अंचलाधिकारी जितेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि सड़क के पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने तक उक्त मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा है कि सड़क की स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है। जगह-जगह सड़क पर बड़े गड्ढे बन गये हैं। इससे दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों समेत मार्ग से गुजरने वाले पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तथा आए दिन दुर्घटनाऐं होने की संभावना बनी रहती है।

