लातेहार – पर्यटन एवं खेल विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षात्मक बैठक संपन्न

लातेहार (झारखंड)

उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में पर्यटन एवं खेल विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं खेल गतिविधियों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान नेतरहाट क्षेत्र अंतर्गत सभी होटल, लॉज एवं होम-स्टे के निबंधन एवं उपयोगिता शुल्क निर्धारण हेतु समिति गठन का निर्णय लिया गया। साथ ही पर्यटन क्षेत्र में पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
नेतरहाट क्षेत्र में पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करते हुए उन्हें व्यवस्थित रूप से संचालित करने तथा यातायात नियंत्रण को सुदृढ़ बनाने हेतु भी निर्देश दिए गए। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों की एक समिति का गठन किया गया है, जो इस दिशा में कार्य करेगी।
पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से JAPIT के माध्यम से PMU (Project Management Unit) के गठन का निर्णय लिया गया। इस PMU में पर्यटन, ईको-टूरिज्म एवं MIS/लेखा से संबंधित विशेषज्ञ शामिल होंगे, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त नेतरहाट स्थित शैले हाउस में कार्यालय संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने नेतरहाट पर्यटन विकास प्राधिकरण के अंतर्गत विभिन्न कार्यों के लिए आवश्यक व्यय स्वीकृत करने की बात कही, जिसमें होमगार्ड के मानदेय भुगतान, CCTV कैमरा स्थापना, कार्यालय संचालन हेतु आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था, पर्यटन स्थलों पर आयरन डस्टबिन की उपलब्धता, कचरा प्रबंधन एवं आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शामिल है।
बैठक में लमटिया डैम में नौका संचालन को सुव्यवस्थित करने एवं संबंधित प्रक्रिया को पूर्ण करने का भी निर्देश दिया गया, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके।

उपायुक्त ने जिला खेल सह पर्यटन पदाधिकारी श्री अविनेश कुमार त्रिपाठी को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि जिले में पर्यटन एवं खेल के क्षेत्र में समग्र विकास को गति मिल सके।

Leave a Reply