रॉयल्टी बकाया पर प्रशासन ने दिखाई सख्ती , तीन ईंट भट्टों की एक लाख कच्ची ईंट जेसीबी से रौंदा

मेदिनीनगर (पलामू)

पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सेमरा पंचायत अंतर्गत खुरा खुर्द गांव में रॉयल्टी का भुगतान नहीं करने वाले तीन ईंट भट्टों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से लगभग एक लाख कच्ची ईंटों को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से ईंट भट्टा संचालकों में हड़कंप मच गया और लाखों रुपये की कच्ची ईंट देखते ही देखते मिट्टी में मिला दी गई।

जानकारी के अनुसार, एमडीएफ ईंट भट्टा के संचालक फहीम हुसैन, एमजेए ईंट भट्टा के संचालक जनाब अंसारी तथा समीम ईंट भट्टा के संचालक शमीम अंसारी को रॉयल्टी जमा नहीं करने के कारण पहले ही नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद संचालकों ने प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी करते हुए बकाया राशि जमा नहीं की।

अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को प्रशासनिक टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और तीनों ईंट भट्टों पर तैयार कच्ची ईंटों को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने सख्त संदेश दिया कि सरकारी राजस्व की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अभियान में चैनपुर के अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार दास तथा अंचल निरीक्षक चंद्रशेखर तिवारी शामिल थे। अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार दास ने बताया कि इन ईंट भट्टों की रॉयल्टी करीब एक वर्ष से बकाया थी। कई बार नोटिस दिए जाने के बाद भी जब संचालकों ने भुगतान नहीं किया, तो छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि तीनों ईंट भट्टों को मिलाकर लगभग एक लाख कच्ची ईंटों को नष्ट किया गया है। संचालकों से आवश्यक दस्तावेज भी मांगे गए हैं और उन्हें तत्काल बकाया रॉयल्टी जमा करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो भी ईंट भट्टा संचालक सरकारी राजस्व का भुगतान नहीं कर रहे हैं, वे जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply