मेदिनीनगर (पलामू)
मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां सिगरेट नहीं देने की बात पर नाराज कुछ दबंग युवकों ने एक किराना और जनरल स्टोर में आग लगा दी। आग लगने से दुकान में रखा सामान, नकदी और शादी के लिए खरीदा गया सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में दुकानदार को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
यह घटना सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव स्थित निराला टोला में बुधवार देर रात हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।
सिगरेट को लेकर हुआ विवाद
दुकान मालिक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि देर रात करीब चार युवक उनकी दुकान के पास पहुंचे और बंद शटर को पीटने लगे। जब वह बाहर आए तो युवकों ने सिगरेट की मांग की। राजेश ने बताया कि उस समय दुकान में सिगरेट खत्म हो चुकी थी, इसलिए उन्होंने देने से मना कर दिया। सिगरेट नहीं मिलने पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों के जुटने पर वे वहां से चले गए, लेकिन जाते-जाते गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर गए थे।

