असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया है। उन्होंने इन आरोपों को अपनी छवि धूमिल करने की साजिश करार देते हुए 500 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया है।
दरअसल, 4 फरवरी को आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि पार्टी की जांच में यह सामने आया है कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार के पास राज्य के अलग-अलग हिस्सों में करीब 12,000 बीघा जमीन है। कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में पारदर्शिता की मांग भी की थी।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि उन्होंने कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उनका कहना है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उनके खिलाफ झूठे और भ्रामक बयान दिए गए, जिससे उनकी व्यक्तिगत और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन बिना सबूत गंभीर आरोप लगाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने 500 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग करते हुए कहा कि वह इस मामले को कानूनी रूप से अंत तक लड़ेंगे।

