- तीन अध्यक्ष व चार वार्ड पार्षद प्रत्याशियों ने भरा पर्चा, फॉर्म बिक्री ने जताया बड़े मुकाबले का संकेत विश्रामपुर (पलामू) विश्रामपुर नगर परिषद चुनाव अब निर्णायक दौर में प्रवेश करता दिख रहा है। नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन नगर परिषद कार्यालय और उसके आसपास का इलाका पूरे दिन चुनावी गतिविधियों से गुलजार रहा। प्रत्याशियों, समर्थकों और राजनीतिक रणनीतिकारों की आवाजाही ने यह साफ कर दिया कि इस बार नगर परिषद चुनाव कड़ा, रोचक और बहुकोणीय होने जा रहा है।
गुरुवार को अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मसीना बेगम, प्रमिला देवी और नुरैसा वीवी ने विधिवत नामांकन दाखिल कर चुनावी रण में उतरने का औपचारिक ऐलान किया। इनके नामांकन के साथ ही अध्यक्ष पद की लड़ाई ने रफ्तार पकड़ ली है। वहीं चार वार्ड पार्षद प्रत्याशियों ने भी अपने-अपने नामांकन दाखिल कर वार्ड स्तर पर मुकाबले को और धारदार बना दिया।
नामांकन के साथ-साथ फॉर्म बिक्री की प्रक्रिया भी पूरे जोर पर रही। चौथे दिन अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन फॉर्म की बिक्री हुई, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 11 प्रत्याशियों ने फॉर्म खरीदे।
अब तक की स्थिति पर नजर डालें तो अध्यक्ष पद के लिए कुल 24 नामांकन फॉर्म बिक चुके हैं, हालांकि इनमें से अभी तक केवल तीन प्रत्याशियों ने ही नामांकन दाखिल किया है। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए 135 नामांकन फॉर्म की बिक्री हो चुकी है, जिनमें से अब तक 11 प्रत्याशियों ने अपना पर्चा भरा है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार फॉर्म बिक्री की तुलना में नामांकन की कम संख्या यह संकेत देती है कि असली सियासी तस्वीर नामांकन के अंतिम चरण में उभरकर सामने आएगी। संभावित प्रत्याशी अंतिम समय तक समीकरण साधने में जुटे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में नामांकन स्थल पर भीड़ और मुकाबले की गर्मी और बढ़ने की पूरी संभावना है।
नगर परिषद चुनाव को लेकर जैसे-जैसे समय आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे विश्रामपुर में चुनावी चक्रम और सियासी हलचल अपने चरम की ओर बढ़ती नजर आ रही है।

