- नौगढ़ा ओपी क्षेत्र में शुक्रवार रात वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच
विश्रामपुर (पलामू)
विश्रामपुर थाना क्षेत्र के नौगढ़ा ओपी अंतर्गत पंजरी खुर्द गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने करीब दो लाख रुपये नकद समेत लगभग 32 से 34 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस संबंध में पीड़ित रौशन कुमार पाठक ने नौगढ़ा ओपी में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार की रात भोजन के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। रात में किसी को कोई आहट तक नहीं मिली। सुबह जब नींद खुली तो देखा गया कि घर के पीछे का ताला टूटा हुआ था और अंदर की अलमारियां क्षतिग्रस्त थीं। घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
उन्होंने बताया कि घर में रखे पांच बॉक्स, तीन बीआईपी और दो बैग चोरी कर लिए गए थे, जिन्हें बाद में घर के पीछे खेत में फेंका हुआ पाया गया। बक्सों और बैग के सभी ताले टूटे हुए थे।
चोरी गए गहनों में सोने की चेन, हार, कंगन, अंगूठी, नथिया, मांगटीका, मंगलसूत्र, पायल, साथ ही महंगी साड़ियां शामिल हैं। कुल मिलाकर गहनों की कीमत लगभग 32 लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि रात के अंधेरे में पीछे का ताला तोड़कर चोरी की गई और सुबह घर के पीछे खेत में सामान बिखरा हुआ मिला। घटना की सूचना तत्काल नौगढ़ा ओपी को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शेष चोरी गए सामानों की जानकारी बाद में देने की बात कही गई है।
इस मामले में थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार से बातचीत कर घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली गई है। घटनास्थल और आसपास फेंके गए सामानों का निरीक्षण किया गया है। जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से आसपास के इलाकों में कुछ अज्ञात लोगों की गतिविधियां देखी जा रही थीं। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

