मकर संक्रांति पर लगा उपास मेला, जुटी श्रद्धालुओं की भीड़

हरिहरगंज ( पलामू )

मकर संक्रांति के अवसर पर हरिहरगंज के कटैया – बनसप्ती गांव के समीप बटाने नदी तट पर बुधवार को भव्य मेले का आयोजन हुआ । मेला में हजारों लोगों की भीड़ के बीच तरह-तरह के व्यंजन, खिलौने सहित श्रृंगार की दुकानें सजी थी। शहरी क्षेत्र सहित लंगुराही , कोसडिहरा, खाप कटैया, कजरू, विशुनपुर, पिपरा, घाघरा, रजवार, तेंदुआ, कौवाखोह , सेमरवार,सरसोत और आसपास के दर्जनों गांवों के लोग मेले में पहुंचे थे। इससे पूर्व श्रद्धालुओं ने बटाने नदी में आस्था की डुबकी लगा मंदिर में पूजा अर्चना की । मेला में छोटे बच्चे, युवा -युवतियों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के साथ मनोरंजन के साधनों का लुत्फ उठाया तो महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन और घरेलू सामग्रियों की जमकर खरीदारी की । बता दें कि वर्षों से मकर संक्रांति के दिन बटाने नदी तट पर लगने वाला यह मेला उपास मेले के नाम से जाना जाता है। उधर पिपरा प्रखंड के गेरूआ तर तथा पुनपुन उद्गम स्थल कुंड पर भी मेले का आयोजन किया गया। जहां आसपास के बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर मेले का आनंद उठाया । इस दौरान मेले में सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात रही वहीं मेला कमेटी के लोग भी सक्रिय रहे।

Leave a Reply