बेतला नेशनल पार्क में स्थाई रेंजर की मांग तेज, जिला परिषद ने उठाया बड़ा सवाल

बरवाडीह (लातेहार)

देश के विख्यात पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण केंद्र बेतला नेशनल पार्क में स्थाई रेंजर की तैनाती को लेकर मांग तेज हो गई है। बरवाडीह के जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने वन विभाग और राज्य सरकार से पार्क में शीघ्र स्थाई रेंजर की नियुक्ति करने की मांग की है। जिला परिषद सदस्य ने कहा कि वर्तमान में बेतला नेशनल पार्क में स्थाई रेंजर की व्यवस्था नहीं होने के कारण पार्क प्रबंधन, वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यटन व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बेतला के रेंजर उमेश कुमार दुबे फिलहाल एक साथ कई रेंजों का प्रभार संभाल रहे हैं, जिसके चलते वे बेतला में पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेंजर की अनुपस्थिति में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण, जंगलों की निगरानी और जंगली जानवरों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। वहीं दूसरी ओर बेतला घूमने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भी सूचना, सुरक्षा और सुविधाओं के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।संतोषी शेखर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बेतला में स्थाई रेंजर की नियुक्ति नहीं की गई तो यह राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल की छवि और जैव विविधता दोनों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि बेतला नेशनल पार्क की महत्ता को देखते हुए यहां पूर्णकालिक और अनुभवी रेंजर की तत्काल तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि पार्क की सुरक्षा, पर्यटन विकास और वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिल सके।उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए ठोस निर्णय करेगा।

Leave a Reply