स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्रोत : पंकज गिरि

बरवाडीह (लातेहार)

छिपादोहर स्थित स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक पंकज गिरि ने स्वामी विवेकानंद को युवाओं का सच्चा प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि स्वामी जी द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर ही हम अपने जीवन को सार्थक और सफल बना सकते हैं। उनके विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वामी जी के विचारों को जीवंत किया।
इस मौके पर विद्यार्थियों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता, क्विज, भाषण प्रतियोगिता तथा चम्मच रेस का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सफल प्रतिभागियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का मनोबल और उत्साह बढ़ा।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक पंकज गिरि के साथ शिक्षक करतार सिंह, प्रीति खलखो, मुस्कान अख्तर, प्रतिमा तिग्गा सहित सभी शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply