बरवाडीह में अंचल अधिकारी पर अमानवीय व्यवहार का आरोप, तीन होम गार्ड बिना स्पष्टीकरण निष्कासित

बरवाडीह(लातेहार)

बरवाडीह प्रखण्ड के अंचल अधिकारी लोकेश सिंह पर लगातार अपने पद और शक्ति का दुरुपयोग करते हुए अधीनस्थ कर्मियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। ताज़ा प्रकरण में अंचल कार्यालय में कार्यरत तीन होम गार्ड—जगमल सिंह, उपेंद्र कुमार और अणिमा टोप्पो—को बिना किसी पूर्व सूचना, कारण बताओ नोटिस अथवा स्पष्टीकरण के नौकरी से निष्कासित कर दिए जाने का आरोप लगा है। तीनों होम गार्डों का कहना है कि गृह रक्षा वाहिनी विभाग, लातेहार द्वारा 5 जनवरी 2026 को सूचना दी गई थी कि 6 जनवरी 2026 को उनका मेडिकल चेकअप होना है, जिसके लिए उन्हें लातेहार स्थित कार्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य था। विभागीय आदेश के अनुपालन में तीनों ने 5 जनवरी 2026 को अंचल अधिकारी से अवकाश हेतु आवेदन देने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि अंचल अधिकारी ने आवेदन स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया।
होम गार्डों के अनुसार, अंचल अधिकारी ने न केवल छुट्टी देने से मना किया बल्कि यह कहते हुए अपमानजनक व्यवहार भी किया कि “कहीं नहीं जाना है, काम करना है तो करो, नहीं तो निकलो”, साथ ही बार-बार नौकरी से भगा देने की धमकी भी दी। ऐसे में विभागीय आदेश के तहत मेडिकल चेकअप में जाना उनके लिए अनिवार्य था, जिस कारण वे 6 जनवरी 2026 को लातेहार मेडिकल जांच के लिए गए। आरोप है कि मेडिकल चेकअप के बाद जब तीनों होम गार्ड अगले दिन अंचल कार्यालय पहुंचे और ड्यूटी ज्वाइन करने लगे, तो हाजिरी रजिस्टर में अंचल अधिकारी द्वारा यह लिख दिया गया कि उन्हें बिना किसी स्पष्टीकरण के नौकरी से निष्कासित कर दिया गया है। इस घटना से न केवल पीड़ित होम गार्ड बल्कि स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है। पीड़ित होम गार्डों ने जिला प्रशासन और न्याय दिलाने के लिए सक्षम एवं उपयुक्त अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही उन्होंने स्थानीय विधायक रामचन्द्र सिंह , चतरा सांसद कालीचरण सिंह से भी हस्तक्षेप कर उन्हें न्याय दिलाने की अपील की है। लोगों का कहना है कि एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी द्वारा इस तरह का अमानवीय और तानाशाही रवैया बेहद निंदनीय है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाते हैं और क्या पीड़ित कर्मियों को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Leave a Reply