बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक दिवसीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज, प्रमुख सुशीला कुमारी, उप प्रमुख बीरेंद्र जायसवाल, चिकित्सा प्रभारी डॉ. मंटू कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, सांसद प्रतिनिधि ईश्वरी सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू एवं पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।स्वास्थ्य मेला की शुरुआत सहिया दीदियों द्वारा पारंपरिक झारखंडी वेश-भूषा में ढोल-मांदर की थाप पर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों के अभिनंदन के साथ हुई, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण में बदल गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुल 28 स्टॉल लगाए गए, जिनमें सामान्य चिकित्सा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन, दंत चिकित्सा, आयुष (आयुर्वेद एवं होम्योपैथी), शालनी कुमारी पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग, नेत्र जांच सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही योग अभ्यास के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मौके पर उपस्थित अतिथियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहां कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य मेले सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब, मजदूर एवं जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की यह पहल आम जनता को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिससे लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।हालांकि स्वास्थ्य मेला में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखी गई। इसको लेकर विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू ने स्वास्थ्य विभाग पर प्रचार-प्रसार में कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि मेला का पूर्व से व्यापक प्रचार किया जाता तो बड़ी संख्या में ग्रामीण इसका लाभ उठा सकते थे। वहीं उप प्रमुख बीरेंद्र जायसवाल ने भी स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि टेंट एवं अन्य व्यवस्थाओं पर तो खर्च किया गया, लेकिन प्रचार-प्रसार पर ध्यान नहीं दिया गया, जिससे मेला ग्रामीणों तक सही ढंग से नहीं पहुंच पाया।
स्वास्थ्य मेला में उपस्थित ग्रामीणों ने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया। इस अवसर पर डॉ. अनुपमा एक्का, डॉ. प्रभात, दंत चिकित्सक, आयुष एवं होम्योपैथिक चिकित्सक, बीपीएम ओम प्रकाश गुप्ता, प्रबंधक विनिता कुमारी, आलोक तिवारी, राजेश चंद्र उर्फ बबलू, आरती रजनी सुरीन, साजदा बीबी, हसीब अंसारी, दीपक सिंह, जियाउल अंसारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

