बरवाडीह के बभंडीह मिडिल स्कूल में प्रभारी प्रधानाध्यापक की निष्ठापूर्ण कार्यशैली से अभिभावकों में हर्ष

बरवाडीह (लातेहार)

बरवाडीह प्रखंड के बभंडीह गांव स्थित राजकीय मध्य विद्यालय इन दिनों अपने बेहतर शैक्षणिक माहौल, समयबद्ध संचालन और अनुशासित व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में सराहना का केंद्र बना हुआ है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रामनाथ राम के नेतृत्व में स्कूल का संचालन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया जा रहा है, जिससे छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों में खुशी का माहौल है।विद्यालय में पढ़ाई- लिखाई के साथ-साथ मध्यान्ह भोजन योजना (एमडीएम) का संचालन भी नियमित और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसकी निगरानी स्वयं प्रभारी प्रधानाध्यापक करते हैं। अभिभावकों का कहना है कि एमडीएम की बेहतर व्यवस्था के कारण बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ी है और बच्चे मन लगाकर पढ़ाई कर रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों के अनुसार, रामनाथ राम के प्रभारी प्रधानाध्यापक बनने के बाद विद्यालय की व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले जहां समय पर विद्यालय नहीं खुलने, शिक्षकों की अनुपस्थिति और पढ़ाई में लापरवाही की शिकायतें मिलती थीं, वहीं अब विद्यालय नियमित रूप से समय पर खुलता है और शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं। उन्हों ने कहा कि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति को जांचने के लिए समय-समय पर आंतरिक मूल्यांकन भी किया जा रहा है। कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देकर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि कोई भी पीछे न रह जाए।
वही अनुशासन और स्वच्छता को लेकर भी विद्यालय में सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। विद्यालय परिसर, कक्षाओं और प्रांगण की नियमित सफाई की जा रही है। बच्चों को स्वच्छता, समय पालन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया जा रहा है।

Leave a Reply