मेदिनीनगर: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 5 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रव्यापी “मनरेगा बचाओ अभियान” पदयात्रा के संदर्भ में आज पलामू में एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को पलामू जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुश्री बिमला कुमारी एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री श्री के.एन. त्रिपाठी ने संबोधित किया।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिमला कुमारी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा जैसी ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजना से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने की साज़िश केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि गरीबों के रोज़गार, अधिकार और गरिमा पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि मनरेगा करोड़ों ग्रामीण परिवारों की आजीविका का आधार है और इसे कमजोर करना सामाजिक न्याय की अवधारणा को ध्वस्त करने का प्रयास है।
बिमला कुमारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस साज़िश के खिलाफ़ चुप नहीं बैठेगी और “मनरेगा बचाओ अभियान” के माध्यम से सड़क से लेकर जनमानस तक इस जनविरोधी फैसले का पुरज़ोर विरोध करेगी।
झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री श्री के.एन. त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा महात्मा गांधी के विचारों पर आधारित ग्रामीण सशक्तिकरण की सबसे बड़ी योजना रही है। इसे कमजोर करना या इसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करना संविधान की भावना के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को समाप्त करने या उनके चरित्र को बदलने का प्रयास कर रही है, जिससे गरीब, किसान और मजदूर सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 5 जनवरी को होने वाली पदयात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनअधिकारों की रक्षा का आंदोलन है, जिसमें आम जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस द्वारा आयोजित “मनरेगा बचाओ अभियान” पदयात्रा की रूपरेखा, उद्देश्य और आंदोलन की दिशा पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस प्रेसवार्ता में रामाशीष पाण्डेय,श्याम नारायण सिंह,विनोद तिवारी,ओमप्रकाश अमन,रामदेव यादव,गोपाल त्रिपाठी,मुकेश सिंह,राजेश चौरसिया,गोपाल सिंह,नसीम खान,मणिकांत,रामप्रवेश सिंह,रंजन दुबे,जितेंद्र कमलापुरी,धनंजय त्रिपाठी,जिशान खान,मुन्ना खान,टिकैत कुमार,ब्रह्मदेव प्रसाद सहित कई संख्या में कांग्रेस के नेता उपस्थित रहे।

