नए साल पर महंगाई का झटका
कमर्शियल गैस सिलेंडर 110-112 रुपये महंगा, रांची में कीमत 1,844.50 पहुंची
रांची (झारखंड)
नया साल आम लोगों और कारोबारियों के लिए मिली-जुली खबर लेकर आया है. एक तरफ पाइप से मिलने वाली नेचुरल कुकिंग गैस (PNG) सस्ती हुई है, तो दूसरी तरफ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (19 किलोग्राम) महंगा हो गया है.
महानगरों में सिलेंडर की कीमत में 100-115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो बीते 28 महीनों की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है. हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में अप्रैल 2025 के बाद कोई बदलाव नहीं हुआ है.
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में इजाफा होने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं की लागत बढ़ जाएगी. ऐसे में वे आने वाले दिनों में खाने के दामों में बढ़ोतरी करेंगे, जिससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा में खाना खाना पहले की तुलना में महंगा हो जाए
कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 28महीने की सबसे बढ़ी बढ़ोतरी
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के ताजा रेट के मुताबिक, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये से ज्यादा का उछाल आया है. अक्टूबर 2023 के बाद यह सबसे बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है. कंपनी ने चार महानगरों में कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं.
घरेलू सिलेंडर की कीमतें जस की तस
कमर्शियल सिलेंडर के महंगे होने के बावजूद घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है. घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. घरेलू सिलेंडर के कीमत में आखिरी बार अप्रैल 2025 में बदलाव हुआ था.
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 14 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी की थी. इससे पहले मार्च 2024 में, लोकसभा चुनाव से पहले सरकार ने घरेलू एलपीजी के दाम 100 रुपये घटाये थे.
घरेलू सिलेंडर की कीमतों की बात करें तो दिल्ली में 853, मुंबई में 852.50, कोलकाता में 879 और चेन्नई में 868.50 बिक रहा है. वहीं झारखंड की राजधानी रांची में घरेलू सिलेंडर की कीमत 910.50 रुपये है.

