खिलाड़ियों ने राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर किया शानदार प्रदर्शन
मेदिनीनगर (पलामू)
वर्ष 2025 द कराटे एकेडमी के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। एकेडमी के खिलाड़ियों ने पूरे वर्ष राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर पलामू जिले और झारखंड राज्य का नाम रोशन किया।
एकेडमी के निदेशक सुमित बर्मन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में द कराटे एकेडमी के खिलाड़ियों ने गतका, जूडो एवं कराटे खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 23 पदक अर्जित किए हैं।
वर्ष की शुरुआत में ही जीत तिवारी ने एसजीएफआई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर कांस्य पदक जीता।
अप्रैल माह में धनबाद में आयोजित खेलो इंडिया स्मिता लीग में काजल कुमारी ने स्वर्ण पदक तथा अनामिका मेहता ने रजत पदक प्राप्त किया।
मई माह में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में काजल कुमारी ने गतका खेल में झारखंड के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।
अगस्त माह में आयोजित राज्य स्तरीय गतका चैंपियनशिप में द कराटे एकेडमी के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। इस प्रतियोगिता में
ऋतिक राज तिवारी, काजल कुमारी, समीर कुमार, जीत तिवारी, स्नेहा कुमारी, प्रियांशु कुमार एवं उमंग दुबे ने स्वर्ण पदक,
जबकि सम्यक स्नितिक, अनुभव पाण्डेय, वेद प्रकाश, अनामिका मेहता एवं सौभाग्य सिद्धार्थ ने रजत पदक जीता। वही शिवांश वात्सल्य एवं आयुष कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त कर उपलब्धियों में इज़ाफा किया।
अगस्त माह में ही आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर एवं सीनियर जूडो प्रतियोगिता में
काजल कुमारी ने रजत, अन्वी पाण्डेय ने कांस्य तथा रोशन कुमार ने रजत पदक जीता।
वही अक्टूबर माह में खेलो झारखंड गतका चयन प्रतियोगिता में द कराटे एकेडमी से काजल कुमारी, सौभाग्य सिद्धार्थ का नेशनल SGFI के लिए चयनित किया गया। (SGFI जालंधर में 6 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। )
वहीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में द कराटे एकेडमी के खिलाड़ी आकाश कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
दिसंबर माह में आयोजित कैडेट एवं जूनियर राज्य जूडो प्रतियोगिता में जपला शाखा के खिलाड़ी प्रकाश कुमार ने कांस्य पदक जीतकर वर्ष का सफल समापन किया।
एकेडमी के निदेशक सुमित बर्मन ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में द कराटे एकेडमी और अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करेगी।

