विश्रामपुर में आवास योजना लाभुकों के द्वारा पैसा लेकर लापरवाही बरतने वालो की अब नहीं है खैर

विश्रामपुर (पलामू)

प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास एवं प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में भारी लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव सिंह ने लंबे समय से लंबित पड़े आवासों की स्थलीय जांच कर गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया है।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि कई लाभुकों ने आवास की पूरी राशि प्राप्त कर ली, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ और न ही मकान पूरा किया गया। इस पर बीडीओ ने मौके पर हीं लाभुकों को फटकार लगाते हुए 15 दिनों का अंतिम अल्टीमेटम जारी किया।

“निर्धारित 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित लाभुकों पर एफआईआर दर्ज होगी, दी गई राशि की वसूली की जाएगी और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।”
बीडीओ ने स्पष्ट किया कि अब किसी भी तरह की ढिलाई या बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पंचायत की मुखिया एवं पंचायत सचिव को भी कड़ी हिदायत दी कि वे आवास निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। लापरवाही बरतने की स्थिति में पंचायत स्तर के जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ राजीव सिंह प्रखंड के गुरी पंचायत के पिपरा गांव के रीता देवी, उदेश प्रजापति, ज्ञानती देवी, लक्ष्मी देवी, रीना देवी, रिंकू देवी, विमलेश बैठा, मिथिलेश बैठा, बघवमनवा पंचायत के
घरटिया के कुलदिपनी देवी, राम प्रसाद बैगा, रंजू देवी एवं संजू देवी और घासीदास पंचायत के शकुंती देवी और लक्ष्मीनिया देवी के आवास भी जांच में लंबित मिले। इन सभी लाभुकों द्वारा राशि लेने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया।

बीडीओ राजीव सिंह ने कहा कि आवास योजना गरीबों के लिए है, न कि सरकारी राशि लेकर बैठ जाने के लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय सीमा समाप्त होते ही कार्रवाई शुरू होगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
इस सख्ती के बाद पूरे विश्रामपुर प्रखंड में हड़कंप मच गया है और आवास योजना से जुड़े लाभुकों के साथ-साथ पंचायत स्तर के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं।

Leave a Reply