झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर रेवारातू व जोटांग में हुए कार्यक्रम, जलासय किनारे पौधरोपण

मेदिनीनगर (पलामू)

झारखंड राज्य के गौरवपूर्ण 25वें स्थापना दिवस समारोह के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड राज्य जलछाजन मिशन एवं भूमि संरक्षण विभाग द्वारा रेवारातू गांव स्थित तालाब के किनारे पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी ने आम, अमरूद, संतरा, कटहल आदि फलदार पौधे लगाये। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को पौधरोपण करने के बाद पौधों की नियमित सुरक्षा सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने कहा कि झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया जा रहा है और इस अवसर पर जिलेभर में कई जनहितकारी गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। जलछाजन योजनाएँ ग्रामीण झारखंड की भूमि, आजीविका और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं तथा एक समृद्ध और टिकाऊ भविष्य का निर्माण कर रही है।

कार्यक्रम में स्टेट नोडल ऑफिसर अरूण कुमार बोस ने भी जलछाजन के तालाबों के किनारे पौधरोपण के महत्व पर प्रकाश डाला।

परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी भूमि संरक्षण पदाधिकारी श्याम बिंद ने बताया कि जिले के जलछाजन से निर्मित तालाबों/ जलस्रोतों के किनारे नियमित रूप से पौधरोपण किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आय सृजन के अवसर बढ़ेंगे और मिट्टी कटाव में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण के दिशा में कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक रंगोली बनाकर पौधरोपण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आये प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनका उत्साहवर्धन किया गया।

मौके पर सतबरवा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्थानीय स्कूली विद्यार्थी, तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

इधर, वन विभाग की ओर से पांकी के जोटांग गांव में भी कार्यक्रम आयोजित की गई।

Leave a Reply