ई-कल्याण योजना की राशि अब तक जारी नहीं — सरकार की उदासीनता से छात्रों में गहरी नाराज़गी

मेदिनीनगर (पलामू)

राज्य सरकार द्वारा संचालित ई-कल्याण योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को शिक्षा में सहयोग देना है, लेकिन सरकार की लापरवाही के कारण अब तक छात्रों को उनकी राशि प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन किए महीनों बीत चुके हैं, फिर भी भुगतान प्रक्रिया ठप है। इस स्थिति से पूरे राज्य के छात्र-छात्राओं में गहरी नाराज़गी व्याप्त है।
सरकार बार-बार ई-कल्याण की राशि शीघ्र जारी करने का वादा करती है, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं दिखती। हज़ारों छात्र इस सहायता राशि के भरोसे अपनी पढ़ाई, किराया और दैनिक खर्च पूरे करते हैं, ऐसे में भुगतान में हो रही देरी ने कई छात्रों की आर्थिक स्थिति को संकट में डाल दिया है।
अभिषेक राज, एजेएसयू छात्र नेता ने कहा कि “राज्य सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। शिक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार आज उन्हीं छात्रों को उपेक्षित कर रही है जिनके दम पर झारखंड का भविष्य लिखा जाना है। यदि सरकार तुरंत ई-कल्याण की राशि जारी नहीं करती, तो छात्रों का धैर्य जवाब देगा और सड़कों पर उतरकर विरोध किया जाएगा।”
उन्होंने सरकार से यह भी माँग की कि सभी लंबित आवेदनों का भुगतान तुरंत किया जाए और भविष्य में इस योजना के वितरण में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply