पूर्व सांसद मनोज कुमार भुईयां ने किया शुभारंभ, कलाकारों ने मचाया समां
सतबरवा (पलामू)
शारदीय नवरात्र की भक्ति और उमंग के बीच सोमवार की रात पोंची गांव पूरी तरह सुर और संगीत के रंग में रंग गया। नव युवक संघ निराला क्लब पोंची की ओर से आयोजित भोजपुरी संध्या ने ऐसा जादू बिखेरा कि हर उम्र का दर्शक देर रात तक झूमता नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद मनोज कुमार भुईयां ने फीता काटकर किया। मंच पर दीप प्रज्वलन के साथ जैसे ही भोजपुरी गायकी के सितारे चंदन यादव, पूजा कैमूरी, पवन दिवाना और सबिनदा राज ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी, तो तालियों और हूटिंग से पूरा वातावरण गूंज उठा। लाल ललकारे अईले माई के दरबार और पिया के घर जइब ना माई जैसे गीतों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। भीड़ इतनी उमड़ी कि कार्यक्रम स्थल मेले में तब्दील हो गया। पूर्व सांसद मनोज कुमार भुईयां ने अपने संबोधन में कहा, भोजपुरी भाषा और संस्कृति हमारी पहचान है। ऐसे आयोजन न सिर्फ मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि समाज को जोड़ने का सेतु भी हैं।कार्यक्रम में मुखिया गिरवर प्रसाद राम, पंचायत समिति सदस्य अशोक राम, विधायक प्रतिनिधि राणा प्रताप कुशवाहा,उप प्रमुख कामाख्या नारायण यादव, अजय सोनी, विधायक प्रतिनिधि सह सोशल मीडिया प्रभारी महेश यादव, आशीष कुमार सिन्हा, संतज्ञान शुक्ला, मुकेश सोनी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

