विश्रामपुर (पलामू)
विश्रामपुर भाजपा नगर मंडल कार्यालय में नव-निर्वाचित नगर मंडल अध्यक्ष ज्वाला प्रसाद गुप्ता के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान नगर अध्यक्ष बबन राम ने की, जबकि मंच संचालन निवर्तमान महामंत्री संतोष राम ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष श्री राम चंद्र यादव और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. बी.पी. शुक्ला उपस्थित रहे। इस अवसर पर नव-नियुक्त नगर मंडल अध्यक्ष श्री ज्वाला प्रसाद गुप्ता का निवर्तमान नगर अध्यक्ष बबन राम, श्री राम चंद्र यादव एवं डॉ. बी.पी. शुक्ला द्वारा बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में निवर्तमान नगर अध्यक्ष बबन राम को भी सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। श्री बबन राम ने औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारी नव-नियुक्त अध्यक्ष को सौंपते हुए कहा कि उन्होंने बीते पांच वर्षों तक संगठन को पूरी निष्ठा से सींचा-संवारा है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नया नेतृत्व पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
मुख्य अतिथि श्री राम चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान और उनकी सक्रियता ही संगठन की असली ताकत होती है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। वहीं वरिष्ठ नेता डॉ बीपी शुक्ला ने कहा कि भाजपा एक परिवार है, यहां कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। संगठन में हर कार्यकर्ता का समान सम्मान है।
इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष रजनीश चंद्रवंशी, एसपी सोनी, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, बेबी देवी, भाजपा नेता शिवबंश मिश्रा, राजन पांडेय, मंत्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, महामंत्री अर्चना देवी, जिला कार्यसमिति सदस्य किरण देवी, युवा मोर्चा अध्यक्ष संजय ठाकुर, गोपाल सोनी, धर्मेंद्र कुमार, विकास कुमार, बबिता देवी, विकास चौबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

