कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को मेदिनीनगर सेंट्रल जेल से साहिबगंज जेल में किया गया शिफ्ट

मेदिनीनगर (पलामू)

झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को सुरक्षा कारणों से मेदिनीनगर सेंट्रल जेल से साहिबगंज जेल शिफ्ट कर दिया गया है। पुलिस व प्रशासन की संयुक्त निगरानी में आज अल्हे सुबह भारी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, जेल प्रशासन ने सुरक्षा और गैंग से जुड़े संभावित आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए स्थानांतरण का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि सुजीत सिन्हा पर झारखंड के कई जिलों में हत्या, रंगदारी, वसूली और सुपारी किलिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। मेदिनीनगर जेल से उसे विशेष सुरक्षा बल की निगरानी में रवाना किया गया। इस दौरान जेल परिसर और रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई थी। गौरतलब है कि सुजीत सिन्हा झारखंड के अपराध जगत का कुख्यात नाम रहा है, जो कई वर्षों से जेल में बंद है, लेकिन जेल से भी अपने गिरोह के संचालन के आरोप उस पर लगते रहे हैं। प्रशासन अब इस तबादले को गैंग गतिविधियों पर अंकुश लगाने की रणनीति के रूप में देख रहा है।

Leave a Reply