थाना प्रभारी से की शिकायत — मामले की जांच में जुटी पुलिस
सतबरवा (पलामू)
सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा को अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिलने से भयभीत हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, पोंची गांव निवासी 42 वर्षीय आशीष कुमार सिन्हा को 6 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे उनके मोबाइल नंबर 9142447205 पर 8084125747 नंबर से कॉल आया। शुरुआत में कॉल करने वाले ने सामान्य बातचीत का आभास दिया, लेकिन कुछ ही क्षणों बाद उसने अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आशीष कुमार ने बताया कि जब उन्होंने बार-बार कॉलर से उसकी पहचान पूछी, तो उसने बताने से साफ इनकार कर दिया। बाद में ट्रू कॉलर ऐप पर उक्त नंबर नितिन गुप्ता” के नाम से प्रदर्शित हुआ।
पीड़ित ने इस पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत थाना प्रभारी, सतबरवा को सौंपी है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। आशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि उन्होंने इस घटना की जानकारी विपक्ष के नेता बाबू लाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास तथा पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता को भी दी है। स्थानीय लोगों ने इसे सामाजिक कार्यकर्ता की आवाज़ को दबाने की साजिश बताते हुए कड़ी निंदा की है। वहीं क्षेत्र में घटना को लेकर आमजन में भी आक्रोश और चिंता का माहौल देखा जा रहा है।

