- झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपाइयों ने निकाला जन आक्रोश मार्च
विश्रामपुर (पलामू)
विश्रामपुर नप मुख्यालय में भाजपा नगर मंडल व ग्रामीण मंडल द्वारा गुरुवार को संयुक्त रूप से जन आक्रोश मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पहले मार्च की शुरुआत भाजपा नगर मंडल कार्यालय से हुआ। आक्रोश रैली बस स्टेंड,थाना मोड़, गांधी चौक,पंचमुखी मंदिर बाजार परिसर होते हुए नगर भ्रमण के बाद नगर परिषद व प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचा। जहां मार्च सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बबन राम व संचालन ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अमरेश तिवारी ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला, कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था चौपट हो चुका है। अपराध व लूट खसोट चरम पर है। राज्य में कानून नाम का कोई चीज दिखाई नही दे रहा है.सभा समापन के बाद भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओ ने राज्यपाल के नाम का एक ज्ञापन बीडीओ राजीव कुमार सिंह को सौंपा। जिसमें हेमंत सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार,ध्वस्त कानून व्यवस्था,लचर बिजली-पानी की व्यवस्था,अवैध बालू,पत्थर व कोयला की लूट,बेरोजगारी,रिम्स टू,आदिवासियों की क़ृषि योग्य रैयत जमीन को हड़पने का मामला सहित सूर्या हांसदा के फर्जी एनकाउंटर के सीबीआई जांच की मांग की गयी है। मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र यादव, डां बीपी शुक्ला, महिला मोर्चा नगर मंडल अध्यक्ष किरण शर्मा, बिहारी लाल गुप्ता,सुनील कुमार चौधरी,विजय कुमार रवि,मनीष कुमार,रजनीश कुमार,शंकर चंद्रवंशी,उपेंद्र तिवारी,उदय यादव,देवनारायण सिंह सहित कई भाजपा नेता-कार्यकर्ता व काफी संख्या से स्थानीय लोग मौजूद थे।

