देश के नव निर्माण में युवाओं को तय करनी होगी अपनी भागीदारी : आशा लकड़ा

विश्रामपुर (पलामू)

विश्रामपुर रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय के सभागार से शनिवार को युवा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती सह जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय जनजाति आयोग के सदस्य आशा लकड़ा ने विश्विद्यालय के विभिन्न संकाय के छात्र छात्राओं के साथ सीधा संवाद कर उन्हें अपने कार्य व जिम्मेवारियों के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने आयोग के गठन व उसके कार्यों को उल्लेखित करते हुए कहा कि युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को नीति निर्माताओं,विशेषज्ञों व अन्य संबंधित व्यक्तियों के साथ जुड़ने,अपने विचार व्यक्त करने और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिलता है। जिससे वे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय रूप से भाग ले सकें और नीति -निर्माण में अपनी आवाज़ को शामिल करा सकें। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं की भागीदारी बढ़ाना, उनकी चिंताओं को समझना व उन्हें सशक्त बनाना है। जिससे वे राज्य हीं नहीं देश के नवनिर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सकें।

उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के जयंती को जन जातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर देशभर के जनजाति समाज के लोगों का सम्मान बढ़ा दिया है। वहीं देश के सर्वोच्च पद पर आदिवासी महिला को राष्ट्रपति के रूप में सुशोभित कर जनजाति समुदाय के प्रति अपनी सोच को उजागर कर दिया है।‌ उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और अनु सूचित जनजाति समाज के हितों की रक्षा के लिए सभी को आगे आना होगा। वहीं आरसीयू के कुलाधिपति डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने कहा कि आज भारत विश्व का सबसे बड़ा युवा शक्ति वाला देश है। देश के युवाओं को अपनी जिम्मेवारी समझते हुए भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उप कुलपति डॉ संजय कुमार झा ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया। मौके पर रजिस्टार देवाशीष मंडल,लक्ष्मी चंद्रवंशी महिला महाविद्यालय की प्राचार्या नूतन रानी,भाजपा नेत्री रूपा सिंह,भाजपा के गढ़वा जिलाध्यक्ष ठाकुर महतो,पलामू जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र यादव,इदरीश हवारी,पूर्व पार्षद सुनील कुमार चौधरी सहित सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।

Leave a Reply