गारू के प्रतिबंधित वन क्षेत्र बहेराखड़ा जंगल से तीन लकड़ी तस्कर गिरफ्तार

गारू (लातेहार )

पलामू व्याघ्र परियोजना क्षेत्र में वन विभाग ने एक बार फिर लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डीएफओ कुमार आशीष के निर्देश पर गारू पूर्वी वन क्षेत्र के रेंजर उमेश कुमार दुबे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुरुवार को छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान गारू पश्चिमी वन क्षेत्र के प्रतिबंधित बहेरा खड़ा जंगल से तीन लकड़ी तस्कर लकड़ी काटते हुए धर दबोचे गए। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पलामू जिले के उदय सिंह (पिता- सकलदीप सिंह, ग्राम- राजहारा), बाबूलाल सिंह (पिता- दरगाही सिंह, ग्राम- धावाडीह) और सीकेश कुमार सिंह (पिता- श्रीबच्चन सिंह, ग्राम- राजडेरवा) के रूप में हुई है। ये लोग साल की लकड़ी की अवैध कटाई कर रहे थे। वन विभाग की टीम ने छापामारी के दौरान लकड़ी काटने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन, कुल्हाड़ी, टॉर्च, मोटरसाइकिल समेत साल लकड़ी (बीया) के छह पीस सिली जब्त किए हैं। वन अधिकारियों ने बताया कि ये लोग लंबे समय से प्रतिबंधित वन क्षेत्र में चोरी-छिपे लकड़ी काटने का काम कर रहे थे। गिरफ्तार तीनों तस्करों को वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर लातेहार जेल भेज दिया गया है। वन क्षेत्र पदाधिकारी उमेश कुमार दुबे ने साफ कहा है कि जंगल और वन संपदा की अवैध कटाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अभियान में प्रभारी वनपाल पंकज कुमार पाठक, अमृत कुमार, रूपेश कुमार, वनरक्षक मंजू कुमारी, विशाल कुमार सिंह, विपिन कुमार समेत काफी संख्या में वनकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply